भोपाल
सुरेन्द्र सिंह ठाकुर 9685280980
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के द्वारा आज खजूरी सड़क में ‘समर मेला’ का आयोजन किया गया। मेले की मुख्य अतिथि गांव की सरपंच श्रीमती गुलाब्बई पटेल रहीं। उन्होंने कहा कि”बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। प्रथम फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय है।”

यह समर मेला तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं – श्रीमती अनिता जोशी, श्रीमती सीता परिहार एवं श्रीमती अनीता पुरवइया – के सहयोग से लगाया गया। कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सीमा सालवी भी उपस्थित रहीं।
5 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए लगे 7 काउंटर:
मेले में 5 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों के विकास को ध्यान में रखते हुए सात प्रकार के काउंटर लगाए गए:
- पंजीयन एवं रिपोर्ट कार्ड: बच्चों का पंजीयन कर उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया।
- शारीरिक विकास: कूदना, दौड़ना जैसी गतिविधियां कराई गईं।
- बौद्धिक विकास: पहेली और चित्र पहचान के खेल कराए गए।
- भाषा विकास: कहानी सुनाना और तुकबंदी गतिविधि हुई।
- सामाजिक और भावनात्मक विकास: समूह में खेल और भावों की पहचान कराई गई।
- गणित की पूर्व तैयारी: गिनती, आकार और रंगों की पहचान के खेल हुए।
- फीडबैक काउंटर: बच्चों के माता-पिता द्वारा समर मेले पर फीडबैक लिया गया।
मेले में लगभग 20 से 25 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से बच्चों की रुचि पढ़ाई में बढ़ती है और उन्हें अपनी प्रगति समझने का मौका मिलता है।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सीमा सालवी ने बताया कि ‘समर मेला’ का उद्देश्य बच्चों का आकलन कर उनकी जरूरत के अनुसार आगे की योजना बनाना है। अंत में सरपंच श्रीमती गुलाब् बाई पटेल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और प्रथम टीम के प्रयासों की सराहना की।